लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में अब बड़ी संख्या में महिला परिचालकों (Conductors) की तैनाती होने जा रही है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर रोडवेज विभाग ने 2,584 महिला परिचालकों की भर्ती का रास्ता साफ कर दिया है। यह भर्तियां संविदा के आधार पर की जाएंगी, जिसके लिए चयन प्रक्रिया और योग्यता के मानक भी निर्धारित कर दिए गए हैं।
भर्ती की मुख्य शर्तें और योग्यता
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए महिला अभ्यर्थियों के पास निम्नलिखित योग्यताएं होना अनिवार्य है:
शैक्षिक योग्यता: इंटरमीडिएट (12वीं) पास।
तकनीकी योग्यता: कंप्यूटर संचालन का CCC सर्टिफिकेट अनिवार्य है।
विशेष जुड़ाव: अभ्यर्थी का राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) या उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से जुड़ा होना आवश्यक है।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा 5% का वेटेज (अतिरिक्त लाभ)
भर्ती में उन महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जिनके पास निम्नलिखित में से कोई भी प्रमाण पत्र होगा:
NCC (National Cadet Corps)
NSS (National Service Scheme)
स्काउट-गाइड प्रमाणपत्र
इन अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में 5% अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया: मेरिट के आधार पर होगा चुनाव
यह भर्ती पूरी तरह से मेरिट के आधार पर होगी। इसमें किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा के बजाय अभ्यर्थियों के शैक्षिक अंकों और वेटेज के आधार पर सूची तैयार की जाएगी।
25 मार्च से शुरू होंगे रोजगार मेले
परिवहन निगम इन भर्तियों को पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए प्रदेशभर में रोजगार मेलों का आयोजन करने जा रहा है। 25 मार्च 2026 से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में इन मेलों की शुरुआत होगी, जहाँ पात्र महिलाएँ अपना पंजीकरण और आवेदन कर सकेंगी।








