रिपोर्ट: सत्येंद्र कुमार वर्मा फतेहपुर
फतेहपुर। जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने साइकिल से स्कूल जा रहे 14 वर्षीय छात्र को रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
साइकिल से स्कूल जा रहा था मासूम
जानकारी के अनुसार, खखरेरू थाना क्षेत्र के बैरी गांव निवासी आयुष कुमार (14) पुत्र शंकर लाल, कस्बे के ही एक निजी स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था। बुधवार सुबह वह अपनी साइकिल से स्कूल के लिए निकला था। अभी वह गांव से करीब 100 मीटर दूर दामपुर मार्ग पर पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। आयुष की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक सवार की हालत नाजुक
छात्र को रौंदने के बाद अनियंत्रित बस ने आगे जा रहे बाइक सवार शिवम यादव (22) पुत्र विजय कुमार, निवासी बरईपुर को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया गया है।
मौके से चालक फरार, परिजनों में आक्रोश
हादसे के बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक छात्र के परिजनों और भारी संख्या में ग्रामीणों ने चकिया चौराहे के पास सड़क जाम कर दी। आक्रोशित लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया है।
पुलिस बल तैनात
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बस को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।








