कानपुर ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी
कानपुर। फजलगंज थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अशोका ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक अशोक कुमार रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 15 जून को दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के लगभग आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सेंट्रल जोन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को सिंहपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक मोहम्मद खालिद सहित फजलगंज थाना पुलिस की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में इस मामले में भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।








