फतेहपुर/लखनऊ, 23 जून। बड़े मंगल के पावन अवसर पर सामाजिक संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के छह सदस्यों ने मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया और मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान शिविर में संस्था के सदस्यों ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
रक्तदान करने वालों में गुरमीत सिंह ने 48वीं बार, दिग्विजय ने 20वीं बार, शुभम कुमार ने 9वीं बार, अमन चौरसिया एवं दिव्यांश पाण्डेय ने 8-8वीं बार रक्तदान किया। वहीं शिवम ने पहली बार रक्तदान कर समाजसेवा की इस मुहिम में कदम रखा।
मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से शोभित सिंह एवं वर्तिका सहित मानस रक्तकेंद्र की अनामिका पाल और विष्णु भी मौजूद रहे।
मानस रक्तकेंद्र प्रभारी अमन यादव ने कहा कि बड़े मंगल के पावन अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा किया गया यह रक्तदान अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि 48 बार रक्तदान कर चुके गुरमीत सिंह और 20 बार रक्तदान करने वाले दिग्विजय जैसे रक्तवीर समाज के लिए मिसाल हैं। संस्था का यह प्रयास मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उनकी रगों में दौड़ता रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। युवा अपने मन से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों और डर को दूर करें तथा स्वैच्छिक रक्तदान को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। रक्तदान न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करता है।
बड़े मंगल के अवसर पर हुए इस रक्तदान अभियान ने समाज को यह संदेश दिया कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-अर्चना में ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और मानवता की सेवा में भी निहित है।








