राहुल द्विवेदी ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। शहर के प्रमुख कोचिंग हब काकादेव में प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐलन करियर इंस्टीट्यूट को सील कर दिया। यह कार्रवाई छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की गई जांच में संस्थान में सुरक्षा संबंधी मानकों के उल्लंघन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में खामियां पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान संस्थान में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसके बाद परिसर को सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य मानकों की जांच लगातार की जा रही है। नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से काकादेव क्षेत्र के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी हड़कंप मच गया है। कई संस्थानों ने अपने यहां सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है।








