कानपुर ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी
कानपुर। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर होटल, कोचिंग संस्थान, हॉस्टल, अस्पताल और स्कूल संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने की, जिसमें फायर विभाग, नगर निगम, केडीए और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई संस्थान सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित पाया जाता है तो उसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। उन्होंने सभी संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आग लगने की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी साझा की गई। प्रशासन द्वारा कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, हॉस्टलों और स्कूलों सहित करीब 1000 से अधिक संस्थानों का सत्यापन कराया गया, जिसमें कई स्थानों पर सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं।
अग्निशमन विभाग ने जांच में खामियां मिलने पर 40 से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने संस्थानों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी मांगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि जनसुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








