कानपुर ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी
कानपुर। सीसामऊ थाना क्षेत्र में तैनात एक कांस्टेबल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित ने मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर को शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता विनोद कुमार का आरोप है कि सीसामऊ थाने में वर्ष 2021 से तैनात कांस्टेबल अनिल कुमार लंबे समय से एक ही थाने में कार्यरत हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि उनकी कार्यशैली के कारण क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व कथित रूप से पुलिसकर्मी के संरक्षण में अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती और कई मामलों में उन्हें बचाने का प्रयास किया जाता है।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि क्षेत्र में हाल ही में हुई आगजनी की घटना में नामजद आरोपियों के विरुद्ध भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पीड़ित परिवार स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
नोट: समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पुलिस अधिकारी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








