फतेहपुर। जिले के हथगाम थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हथगाम थाना क्षेत्र के मकदूमपुर खुर्द गांव निवासी अजीत कुमार (17) पुत्र स्वर्गीय हरिप्रसाद गुरुवार सुबह अपने चचेरे भाई के साथ खेत में धान की बेड़ में खाद डालने गया था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और हल्की बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए अजीत पास में स्थित महुए के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि अजीत ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन की ओर से प्राकृतिक आपदा राहत नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया भी की जा रही है।
बरसात में बरतें सावधानी
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों तथा खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें।








