फतेहपुर: दिव्यांग बच्चों के बीच बांटी गई शैक्षिक सामग्री, समाजसेवा की पहल बनी प्रेरणा

फतेहपुर। समाजसेवा और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को विद्या कोचिंग सेंटर एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भावना दिव्यांग विद्यालय में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के दिव्यांग बच्चों को कॉपियां, पेंसिल, बॉक्स, रबर, कटर सहित अन्य पठन-सामग्री और चॉकलेट्स वितरित की गईं।

 

शैक्षिक सामग्री मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के प्रति निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर विद्या कोचिंग सेंटर की ओर से सतनाम कौर एवं कंवलजीत सिंह तथा सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से गुरमीत सिंह मौजूद रहे। सभी ने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और विकास में सहयोग करने की अपील की।

 

विद्यालय की प्रबंधक भावना श्रीवास्तव ने दोनों संस्थाओं के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए इस प्रकार के सहयोगात्मक कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।

 

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल अंजना सिंह, माधुरी श्रीवास्तव, पूजा बाजपेई, रत्ना, स्वाति सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए दोनों संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment