फतेहपुर। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को खागा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सिरका तैयार करने वाली इकाई का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान करीब 70 लीटर मिलावटी सिरका और तीन लीटर एसिड बरामद कर सीज कर दिया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के छह नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) बी.एस. कुशवाहा के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान खागा स्थित करन उर्फ रामसमुझ की सिरका निर्माण इकाई में टीम ने पाया कि सिरका एसिड, पानी और गुड़ के मिश्रण से तैयार किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर मौजूद मिलावटी सिरका और एसिड को तत्काल सीज कर दिया।
छापेमारी के दौरान टीम ने कृष्णा स्वीट हाउस से खोया, हरिओम किराना से सॉस, सुभाष एजेंसी से टोमैटो केचप तथा बिलिकिंट कॉमर्स प्रा. लि. से रेड चिली सॉस के नमूने भी संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा, धीरज कुमार दीक्षित, सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चन्द्र तथा देवेश कुमार मिश्रा मौजूद रहे।








