रायबरेली/फतेहपुर। पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में आयोजित ‘गविष्ठ यात्रा’ के रायबरेली पहुंचने पर विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष एवं फतेहपुर की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल भी यात्रा में शामिल हुईं और मुख्य कार्यक्रम में अपने विचार रखे।
यात्रा रायबरेली जनपद के ऊंचाहार, जगतपुर, डलमऊ, सरेनी और रायबरेली सदर सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्य पंडाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हेमलता पटेल ने गौ-संरक्षण और गौ-सेवा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
अपने संबोधन में हेमलता पटेल ने कहा कि गौ-संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने गौमाता को “राष्ट्रमाता” का दर्जा दिए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि इस विषय पर उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गौधाम निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गौ-संरक्षण, सनातन परंपरा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।








