रिपोर्ट: पप्पू हाशमी, फतेहपुर
फतेहपुर। जिले के धाता थाना क्षेत्र के अमदरा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अमदरा गांव निवासी धर्मनारायण पांडेय बुधवार रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली मिली। इसके बाद चोरी की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल धाता थाना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़ित धर्मनारायण पांडेय की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
धाता थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश के साथ घटना के शीघ्र खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं।








