रिपोर्ट: पप्पू हाशमी, फतेहपुर
अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी, कई गंभीर मामलों में वांछित था आरोपी
फतेहपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बकेवर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बिंदकी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम औरंगाबाद निवासी अंशु गुप्ता (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही जनपद उन्नाव में भी उसके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नौशाद, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र तथा कांस्टेबल नरेंद्र सिंह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








