युवती की मौत के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, इलाज करते मिले संचालक पर होगी कानूनी कार्रवाई
फतेहपुर। जनपद के हसवा विकासखंड अंतर्गत नरैनी कस्बे में मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से संचालित किए जा रहे एक अवैध अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया। यह कार्रवाई एक 17 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, ब्योटी गांव निवासी 17 वर्षीय रोशनी का पिछले तीन दिनों से नरैनी स्थित राठौर मेडिकल स्टोर में उपचार चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुपम सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर के अंदर एक मरीज का इलाज किया जाता मिला। जांच में परिसर से आठ बेड, ग्लूकोज की बोतलें, सिरिंज और अन्य उपचार संबंधी सामग्री बरामद हुई। प्रथम दृष्टया मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से अस्पताल संचालित होने की पुष्टि होने पर टीम ने तत्काल परिसर को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक भूपेंद्र सिंह राठौर को इलाज करते हुए मौके से पकड़ लिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुपम सिंह ने बताया कि मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कराने की संस्तुति की जाएगी तथा संबंधित संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल मौर्य, एआरओ वीर बहादुर पटेल, उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे सहित स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।








