नई कार्यकारिणी का गठन, बिजली, सिंचाई, सड़क, आवास और महिला सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर उठाई आवाज
फतेहपुर। हसवां विकासखंड परिसर में मंगलवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की आवश्यक बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान हसवां ब्लॉक इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि संगठन महिलाओं, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रशासन तक प्रभावी ढंग से आवाज उठाने का आह्वान किया।
बैठक के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में धान रोपाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती बंद कराने, नहरों में टेल तक सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने, अधूरी पेयजल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की गई।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र एवं बेघर परिवारों का विशेष सर्वे कर उन्हें योजना का लाभ देने, स्वयं सहायता समूहों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और ब्लॉक स्तर पर महिला शिकायत निवारण सेल गठित करने की भी मांग रखी गई। संगठन ने गौवंश संरक्षण के संबंध में भी अपना पक्ष रखते हुए गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग शासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक में नई कार्यकारिणी के अंतर्गत संगीता देवी को ब्लॉक अध्यक्ष, मीना सिंह को उपाध्यक्ष, कुसमा देवी को महासचिव, मंजू देवी एवं कुसमा देवी को सचिव, विमला देवी को कोषाध्यक्ष तथा शांति देवी को महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके अलावा सूरजकली, नीतू देवी, अंकिता देवी, ज्ञानमती, मनीषा, मंजू देवी, चंद्ररेखा और रेनू देवी को सक्रिय सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम में उत्तरा सिंह, सरिता देवी, मीना, स्वरूपा, हरदेवी, माया देवी, सुधा, रीता, मनीषा, चंद्ररेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।








