सड़क और नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीण ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की लगाई गुहार
फतेहपुर। भिटौरा विकासखंड की ग्राम पंचायत हैदरपुर इटौली एक बार फिर विकास कार्यों को लेकर चर्चा में है। गांव के एक निवासी ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में सड़क और नाली निर्माण के नाम पर सरकारी धन का भुगतान तो कर दिया गया, लेकिन कई कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देते। शिकायत में सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पंचायत में हुए विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बाद उन पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें विभिन्न तरीकों से परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का भी कहना है कि यदि प्रशासन मौके पर जांच कराए तो विकास कार्यों की गुणवत्ता और भुगतान की वास्तविकता स्पष्ट हो जाएगी। लोगों ने दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराता है और यदि अनियमितता मिलती है तो क्या कार्रवाई होती है।
(नोट: समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)








