राहुल द्विवेदी
ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र के गीता नगर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली पॉलिटेक्निक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छात्रा का शव उसके कमरे में मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, घाटमपुर क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय पूर्वा सचान गीता नगर स्थित शुभी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को छात्रा अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी हॉस्टल प्रबंधन द्वारा डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच-पड़ताल कर साक्ष्य एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।







