कानपुर: अपराध नियंत्रण और साइबर सुरक्षा पर फोकस, पश्चिम जोन की समीक्षा बैठक संपन्न

 

राहुल द्विवेदी

 

ब्यूरो चीफ, कानपुर

डीसीपी पश्चिम ने थाना प्रभारियों को दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

कानपुर। पश्चिम जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सभी सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में क्षेत्र में घटित अपराधों, लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई तेज की जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

महिला सुरक्षा और बालिका संबंधी अपराधों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। डीसीपी पश्चिम ने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा।

साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए बैठक में एनसीआरपी और प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा एससी/एसटी अधिनियम से संबंधित मामलों की प्रगति, माल मुकदमाती के निस्तारण और कानून-व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा और कानून का प्रभावी पालन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment