राहुल द्विवेदी
ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। शहर के बसंत विहार इलाके में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब PPN कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आलोक सिंह का शव उनके घर में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर आलोक सिंह का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आलोक सिंह वर्ष 1999 में PPN कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे थे। वह सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है और उनके समर्थकों व परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है।








