रिपोर्ट: पप्पू हाशमी, फतेहपुर
फतेहपुर। जनपद के हथगाम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चक अराजीपाल मजरा गौसपुर के पास स्थित नहर माइनर में गायों के तीन कटे सिर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना प्राप्त होते ही हथगाम थाना पुलिस, छिवलहा चौकी पुलिस तथा हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खुदवाकर गायों के कटे सिरों को वहीं दफना दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी थरियांव सहित हथगाम और हुसैनगंज थाने की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
चौकी प्रभारी उत्कर्ष मिश्रा ने बताया कि नहर माइनर में गायों के कटे सिर पड़े होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि यह मामला गंभीर है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि घटना में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ग्रामीणों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।








