रिपोर्ट: फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के हथगांव थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म एवं उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत के आधार पर 17 जुलाई को थाना हथगांव में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
शनिवार तड़के मुखबिर की सूचना पर हथगांव पुलिस ने शाहपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसीम (22) पुत्र शहीद तथा आकाश (21) पुत्र बनवारी, निवासी ग्राम रामपुर मून, थाना हथगांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा नकदी भी बरामद की है। बरामद मोबाइल की जांच की जा रही है, जिससे मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की संभावना है।
प्रभारी निरीक्षक अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








