रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार वर्मा
धाता (फतेहपुर)। धाता थाना क्षेत्र के सिराथू रोड पर स्थित केटमई गांव के समीप सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धाता भेजा गया। चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीएचसी प्रभारी ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति चिंताजनक थी, इसलिए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे की खबर से क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।








