फतेहपुर। जरूरतमंद मरीजों की सहायता और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के सहयोग से मानस रक्तकेंद्र में दो दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
शिविर के दौरान 10 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में सुभाष तिवारी, आदर्श शुक्ला, विनीत कुमार, शिवम श्रीवास्तव, आशु पटेल, निखिल कुमार, स्वतंत्र, राजा, वैभव श्रीवास्तव और प्रवीण कुमार शामिल रहे। रक्तदाताओं के इस सराहनीय योगदान की सभी ने प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला मंत्री रेखा सरोज एवं मानस रक्तकेंद्र प्रभारी अमन यादव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में भागीदारी करने की अपील की।
मानस रक्तकेंद्र प्रभारी अमन यादव ने कहा कि रक्तदान से किसी गंभीर मरीज को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
शिविर को सफल बनाने में भाजपा जिला मंत्री रेखा सरोज, सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के गुरमीत सिंह, नीतिज श्रीवास्तव, मिस्बा, सुमित तथा मानस रक्तकेंद्र की अनामिका पाल, विष्णु सिंह और अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रक्तदान शिविर के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में सहायक हो सकता है और मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।








