जहानाबाद (फतेहपुर)। जहानाबाद पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की दो चांदी की अंगूठियां और 1,350 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहल्ला रज्यौड़ा निवासी साजिद और सहजाद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी का सामान बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे तथा पुलिस से बचने के लिए कुछ दिनों तक रिश्तेदारों के यहां चले जाते थे।
जांच के दौरान आरोपितों ने 16 जून 2026 की रात मोहल्ला बंबा ऊपर निवासी हारून पुत्र कयूम के घर में चोरी की घटना को अंजाम देना भी स्वीकार किया। इस घटना में दो चांदी की अंगूठियां, 3,300 रुपये नकद और अन्य सामान चोरी किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। बरामदगी के दौरान उनके पास से दो चांदी की अंगूठियां और 1,350 रुपये नकद बरामद किए गए।
थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि आरोपी साजिद के खिलाफ पहले से चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी सहजाद के खिलाफ भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की गई।








