बिंदकी, फतेहपुर। साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को बिंदकी कोतवाली की साइबर टीम ने बड़ी राहत दिलाई है। टीम की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के खाते में फंसी 38 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जुनेद पुत्र मोहम्मद सलीम, निवासी मोहल्ला मुगलाही, साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद बिंदकी कोतवाली की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित के खाते में 38 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की।
राशि वापस मिलने के बाद पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए साइबर टीम का धन्यवाद किया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीरज कुमार मौर्य, कांस्टेबल धर्मेंद्र लोधी तथा कांस्टेबल अजीत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराने का प्रयास किया जा सके।








