कानपुर ब्यूरो चीफ राहुल द्विवेदी
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीआरपी (GRP) एवं आरपीएफ (RPF) ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-10 से नौ लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन पर यात्रियों से जबरन धन उगाही और अभद्र व्यवहार करने के आरोप हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों से लगातार जबरन पैसे मांगने तथा विरोध करने पर धमकी देने संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की जबरन वसूली, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139, जीआरपी अथवा आरपीएफ को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।








