फतेहपुर। हथगांव थाना क्षेत्र में गोवंश वध के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, चक अराजीपाल मजरे गौसपुर स्थित अमिलिहापाल मोड़ के पास खेत और नहर में तीन गोवंशों के सिर व खाल मिलने के बाद थाना हथगांव में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर पांच थानों की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
गुरुवार रात चेकिंग अभियान के दौरान आदर्श पब्लिक स्कूल के पास महुआ की बाग में पुलिस और संदिग्धों का सामना हुआ। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में समीम (28) निवासी रज्जीपुर छिवलहा और आफताब आलम (35) निवासी पीरनपुर घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, तीन लोहे के चापड़, एक लकड़ी का ठीहा, एक नीली पन्नी तथा बिना नंबर प्लेट की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
घटना के बाद क्षेत्राधिकारी थरियांव ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।








