फतेहपुर। विकासखंड असोथर की ग्राम पंचायत सरवल में उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन के लिए आयोजित खुली बैठक प्रशासनिक निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पंचायत भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा नामित अधिकारियों की मौजूदगी तथा ग्राम प्रधान/प्रशासक गोरे दुबे की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।
मतदान के बाद हुई मतगणना में साधना देवी पत्नी चंद्र प्रकाश तिवारी को 205 मत प्राप्त हुए, जबकि अभिलाषा देवी पत्नी अंकित तिवारी को 115 मत मिले। इस प्रकार साधना देवी ने 90 मतों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए उचित दर विक्रेता के लिए बहुमत हासिल किया।
जानकारी के अनुसार, इसी ग्राम पंचायत में 25 मई 2026 को भी उचित दर विक्रेता के चयन के लिए खुली बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सोमेश्वर पुत्र शिवसरन का सर्वसम्मति से चयन किया गया था। बाद में शासन स्तर से महिला अनारक्षित श्रेणी के अंतर्गत चयन प्रक्रिया दोबारा कराने के निर्देश जारी होने पर 3 अगस्त 2026 को पुनः खुली बैठक आयोजित की गई।
पुनः कराए गए चुनाव में ग्रामीणों ने मतदान के माध्यम से अपना निर्णय दिया और साधना देवी के पक्ष में बहुमत व्यक्त किया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी होने पर प्रशासन ने संतोष जताया। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने खुशी व्यक्त की।








