भुगतान के बदले 50 हजार की रिश्वत मांगना पड़ा भारी, हथगांव ब्लॉक का कंप्यूटर ऑपरेटर एंटी करप्शन के हत्थे चढ़ा

 

फतेहपुर। विकासखंड हथगांव में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) प्रयागराज मंडल ने रिश्वतखोरी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए ग्राम विकास विभाग में तैनात संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पूरे ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत सुरजीपुर के प्रधान संतोष कुमार ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि पंचायत में कराए गए नाली और सड़क निर्माण कार्य का भुगतान कराने के एवज में कंप्यूटर ऑपरेटर हफीजुर्रहमान द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई।

सोमवार को प्रयागराज मंडल की 13 सदस्यीय टीम ने विकासखंड हथगांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर जाल बिछाया। दोपहर करीब 1:30 बजे शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी को 50 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी की गई और रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हफीजुर्रहमान पुत्र शकील अहमद, निवासी ग्राम हसनपुर, पोस्ट रेवाड़ी, थाना कल्याणपुर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। वह ग्राम विकास विभाग में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।

एंटी करप्शन संगठन ने आरोपी के विरुद्ध थाना खागा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले की जांच जारी है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल प्रयागराज मंडल के हेल्पलाइन नंबर 9454402490 अथवा मुख्यालय लखनऊ कंट्रोल रूम 9454402484 पर दें, ताकि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment