फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के चतुरपुर मजरे गढ़ा गांव में बाइक की मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक हो गया। आरोप है कि घर पहुंचकर हुए विवाद के दौरान दो युवकों ने एक बुजुर्ग को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, चतुरपुर निवासी राजबहादुर की बाइक की टक्कर संगोलीपुर गांव के गोविंद और महेंद्र की बाइक से हो गई थी। दुर्घटना में दोनों वाहनों को मामूली नुकसान पहुंचा। मौके पर बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने मामला समाप्त कर दिया और अपने-अपने घर लौट गए।
कुछ समय बाद गोविंद और महेंद्र कथित रूप से राजबहादुर के घर पहुंचे और पहले हुई घटना को लेकर दोबारा बहस करने लगे। विवाद बढ़ने पर राजबहादुर के 62 वर्षीय पिता रामबरन बीच-बचाव के लिए आगे आए। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, जिससे रामबरन जमीन पर गिर गए। गिरने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक टक्कर के बाद हुए विवाद के दौरान बुजुर्ग के गिरने से मौत होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।








