असोथर के बौंडर वार्ड में रात के सन्नाटे में वारदात, चोरी की लगातार घटनाओं से दहशत
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। नगर पंचायत असोथर के बौंडर वार्ड नंबर-3 में बीती रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी हुई तो घर में हड़कंप मच गया।
पीड़ित मतई पुत्र स्व. वीरेंद्र के अनुसार, चोर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच घर में दाखिल हुए। इसके बाद कमरों में रखे सामान और आभूषणों को खंगालकर बड़ी मात्रा में जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए सामान में चांदी की चार हाफ पेटी, चार जोड़ी पायल, सोने की तीन लॉकेट माला, तीन नथिया, दो अंगूठियां, दो जोड़ी झुमकी, चार जोड़ी तोड़िया, तीन बेसर और पांच जोड़ी बिछिया समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा करीब पांच हजार रुपये नकद भी चोरी होने की बात बताई गई है।
वारदात का पता सुबह चला तो परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए जेवरात की कीमत पीड़ित पक्ष द्वारा लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा।
लगातार चोरी से उठ रहे सुरक्षा पर सवाल
बौंडर वार्ड में हुई वारदात के बाद आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील मोहल्लों में निगरानी मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच प्रभावी रात्रि गश्त जरूरी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की घटना में शामिल लोगों और बरामदगी के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








