किशनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच, मौत की वजह स्पष्ट करने में जुटा पुलिस प्रशासन
खागा/फतेहपुर। जिले के विजयीपुर कस्बे में बुधवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर में किचन के दरवाजे के पास फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची किशनपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
दरवाजा अंदर से बंद, आवाज देने पर नहीं मिला जवाब
जानकारी के अनुसार, विजयीपुर निवासी सर्वेश अग्रहरी की पत्नी विनीता देवी (34) बुधवार सुबह घर पर थीं। उनकी सास मुन्नी देवी ने बताया कि वह सुबह करीब आठ बजे समूह का पैसा जमा करने के लिए पड़ोस में गई थीं। कुछ देर बाद वापस लौटकर बच्चों को खाना खिलाने के लिए घर पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। घर के अंदर पहुंचने पर विनीता देवी किचन के दरवाजे पर लगे जंगले से फंदे के सहारे लटकी मिलीं। यह दृश्य देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची किशनपुर पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर किशनपुर थानाध्यक्ष मनीष सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला पुलिसकर्मी की मदद से शव को नीचे उतरवाया गया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की है। हालांकि, अभी तक महिला की मौत की परिस्थितियों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
थानाध्यक्ष मनीष सिंह के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
India Varta News | फतेहपुर







