ज्योतिबा राव फूले नगर से शुरू हुई कलश यात्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजू सरोज सहित गणमान्य लोग और पत्रकार रहे मौजूद
फतेहपुर। धाता नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 स्थित ज्योतिबा राव फूले नगर में श्री नव दुर्गा पूजा समारोह बाल मित्र मंडल की ओर से नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के बीच यात्रा का शुभारंभ वार्ड से हुआ। इसके बाद कलश यात्रा नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः ज्योतिबा राव फूले नगर पहुंचकर संपन्न हुई।
श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली कलश यात्रा
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और समाज में आपसी सद्भाव एवं एकता की भावना को मजबूत करना रहा।
भैरो प्रसाद चौरसिया के नेतृत्व में हुआ आयोजन
श्री नव दुर्गा पूजा समारोह बाल मित्र मंडल के अध्यक्ष भैरो प्रसाद चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अंगद चौरसिया, रमेश बाबा, राजेंद्र कुमार, सुभाष चंद्र कोटार्य (वकील साहब), कपिल भाई सहित मंडल के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
नगर पंचायत अध्यक्ष और पत्रकारों ने की सहभागिता
कलश यात्रा में धाता नगर पंचायत अध्यक्ष राजू सरोज भी शामिल हुए। इसके अलावा पत्रकार देवेश त्रिपाठी, कलीम, कुलदीप कुमार, नितेश केशरवानी और अवधेश पासवान सहित अन्य पत्रकार बंधुओं ने भी सहभागिता की।
आयोजन में शामिल लोगों ने धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। कलश यात्रा के संपन्न होने के साथ ही क्षेत्र में नवरात्रि की नवमी का उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।







