ललौली पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, वाहन नंबर बदलकर फर्जी मुकदमे में फंसाने का लगाया आरोप; निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
India Varta News
फतेहपुर। जिले के ललौली थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। बड़ी धोबिया गांव निवासी अतुल सिंह गौर ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि सड़क हादसे की शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई, बल्कि बाद में उन्हें ही फर्जी मुकदमे में आरोपी बना दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को वह अपनी कार संख्या UP-71-Z-1717 से फतेहपुर से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान मुत्तौर के पास UP-71-AM-2771 नंबर की मोटरसाइकिल से उनकी कार में जोरदार टक्कर लग गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि बाइक सवार बिना हेलमेट तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
अतुल सिंह का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना उसी दिन ललौली पुलिस को दी और प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को उनके खिलाफ मुकदमा संख्या 293/2026 दर्ज कर दिया गया। पीड़ित ने इसे साठगांठ के तहत दर्ज कराया गया फर्जी मुकदमा बताया है।
प्रार्थना पत्र में एक और गंभीर आरोप लगाया गया है। पीड़ित का दावा है कि दुर्घटना के समय बनाई गई वीडियो में टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल का नंबर UP-71-AM-2771 दिखाई दे रहा था, जबकि पुलिस ने कथित तौर पर उसकी जगह UP-71-BK-3080 नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल को दर्शाते हुए कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा दूसरे पक्ष को लाभ पहुंचाने और उनके बेटे को बचाने के उद्देश्य से किया गया।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मुकदमा संख्या 293/2026 की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रूप से गलत मुकदमा दर्ज कराने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और उनके प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि दुर्घटना के वीडियो, वाहन के वास्तविक नंबर और पुलिस की विवेचना में दर्ज तथ्यों का मिलान कराया जाएगा या नहीं? फिलहाल मामले में पीड़ित के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।







