फतेहपुर: सात मांगों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचीं गुलाबी गैंग की महिलाएं, डीएम को सौंपा ज्ञापन

 

हेमलता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने किया प्रदर्शन, जल जीवन मिशन, आवास, टोल वसूली और स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया

 

फतेहपुर, 05 नवंबर 2026। जिले की जनसमस्याओं और विभिन्न विभागों की कथित लापरवाही के विरोध में गुरुवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी साड़ी पहने और हाथों में डंडे लिए बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदर्शन में शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद करते हुए जिलाधिकारी को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।

 

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और जल जीवन मिशन की बदहाल व्यवस्था प्रमुखता से उठाई गई। ज्ञापन में बहुआ ब्लॉक के सुजानपुर, बहुआ देहात समेत अन्य गांवों में बंद पड़ी पानी की टंकियों को चालू कराने और योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र गरीब परिवारों को निष्पक्ष जांच के बाद लाभार्थी सूची में शामिल करने की मांग भी उठाई गई।

 

संगठन ने फतेहपुर-बांदा सागर मार्ग स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा पर राहगीरों के साथ कथित अभद्रता और ओवरलोडिंग के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की मांग की। वहीं शहर में जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे जर्जर बिजली के खंभों को हटाने तथा पटाखा मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ दुकानदारों का कथित उत्पीड़न रोकने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

 

महिलाओं ने थानों में पीड़ित महिलाओं की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित कराने और जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज व बहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाहर की दवाएं लिखे जाने तथा मरीजों से कथित अवैध वसूली की शिकायतों पर भी कार्रवाई की मांग की।

 

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। अधिकारियों ने ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र और सकारात्मक निस्तारण का भरोसा दिलाया।

 

इस मौके पर जिला अध्यक्ष सरला सिंह सहित मीना सिंह, संगीता, सरिता, राजरानी, सुमन, सत्यवती, गुड्डी, संयोगिता, रजिया, साजिदा, सतून, शहरुन, उर्मिला समेत संगठन की सैकड़ों महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

 

India Varta News

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment