फतेहपुर। लखनऊ में प्रस्तावित महारैली और दीपदान उत्सव को सफल बनाने के लिए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गांव-गांव जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में फतेहपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के रमवा पंथुआ सेक्टर अंतर्गत चतुरभुज सराय गांव में जनसभा आयोजित कर लोगों से महारैली में पहुंचने की अपील की गई।
जनसभा में आगामी 26 नवंबर को लखनऊ स्थित रमाबाई आंबेडकर पार्क में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सदर विधानसभा अध्यक्ष शिवप्रकाश गौतम ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. संजय वर्मा, सोशल एक्टिविस्ट इंजीनियर दीपक देहाती, जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह गौतम, चुन्नूलाल प्रधान और मुकेश गुरु समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनसभा में क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने भी सहभागिता की।
सभा में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर आयोजित होने वाली महारैली को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपनी तैयारियां साझा कीं। वहीं दीपदान उत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक जागरूकता, समानता और बहुजन समाज की एकजुटता का संदेश दिया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’ के नारे लगाते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए जनसहयोग की अपील की। पार्टी का जनसंपर्क अभियान अब आगामी महारैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।






