बिंदकी/फतेहपुर। बिंदकी कस्बे के मोहल्ला पैगंबरपुर में बंदरों के आतंक के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर पानी की टंकी देखने पहुंचे 70 वर्षीय आचार्य पंडित रमाकांत तिवारी बंदरों के झुंड को देखकर घबरा गए। उनसे बचने की कोशिश में वह तीसरी मंजिल से नीचे जा गिरे। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
छत पर अचानक पहुंचा बंदरों का झुंड
जानकारी के मुताबिक, पैगंबरपुर निवासी आचार्य पंडित रमाकांत तिवारी पुत्र स्वर्गीय आचार्य रामस्वरूप तिवारी बुधवार को अपने तीन मंजिला मकान की छत पर पानी की टंकी देखने गए थे। इसी दौरान वहां बंदरों का झुंड पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बंदरों के दौड़ाने पर वह खुद को बचाने के लिए रेलिंग की ओर भागे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तीसरी मंजिल से सीधे नीचे गिर पड़े।
सीएचसी से लखनऊ किया गया था रेफर
हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन निजी एंबुलेंस से उन्हें पीजीआई लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घर पहुंचा शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि उनका शव पैगंबरपुर स्थित आवास पहुंचा। गुरुवार सुबह करीब सात बजे शव घर के बाहर रखे जाने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंच गए।
मृतक के छोटे भाई होमगार्ड कंपनी कमांडर राजेश तिवारी ने बताया कि उनके बड़े भाई आचार्य थे। छत पर पानी की टंकी देखने के दौरान बंदरों के दौड़ाने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लखनऊ ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
बंदरों के आतंक पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना ने बिंदकी कस्बे में बंदरों की बढ़ती समस्या को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। रिहायशी इलाकों में बंदरों के झुंड से बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
India Varta News | फतेहपुर






