एम. निशा कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल में बच्चों ने लगाए खान-पान के स्टॉल, खुद संभाली बिक्री की जिम्मेदारी; शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़ाया उत्साह
धाता/फतेहपुर। बाल दिवस के मौके पर धाता क्षेत्र के विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। सरकारी और निजी स्कूलों में बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं रंगारंग प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोहा तो कहीं बाल मेले में बच्चों ने अपनी व्यापारिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
धाता कस्बे के एम. निशा कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल में प्रबंधक राजू खान की अध्यक्षता में बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने अलग-अलग खान-पान की दुकानों के स्टॉल सजाए। बच्चों ने खुद दुकानदार की भूमिका निभाते हुए सामान की बिक्री की और खरीदारी का अनुभव हासिल किया।
मेले में पहुंचे अभिभावकों, शिक्षकों और अन्य लोगों ने बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल से खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों में दुकानों के संचालन और ग्राहकों से संवाद करने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक राजू खान ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, सम्मान और उनके बेहतर भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद दिलाता है। इस तरह के आयोजन बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनकी रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बाल मेले ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर दिया।
रिपोर्ट: कुलदीप कुमार
India Varta News
सच की बात, इंडिया वार्ता






