फतेहपुर पुलिस का बड़ा फैसला: 112 हिस्ट्रीशीटरों को मिली राहत, खत्म हुई पुलिस निगरानी

 

 

13 थानों में पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद हिस्ट्रीशीट बंद, 46 से 81 वर्ष तक के लोगों को राहत

 

फतेहपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के साथ सुधारात्मक पुलिसिंग की दिशा में फतेहपुर पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिले के 13 थानों में दर्ज 112 हिस्ट्रीशीटरों की हिस्ट्रीशीट बंद कर दी गई है। इसके साथ ही संबंधित लोगों की पुलिस निगरानी भी समाप्त कर दी गई है।

 

पुलिस प्रशासन की ओर से पुराने आपराधिक अभिलेखों की विस्तृत समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया। जानकारी के मुताबिक, हिस्ट्रीशीट बंद किए गए व्यक्तियों की उम्र 46 से 81 वर्ष के बीच है। इनके खिलाफ दर्ज अंतिम आपराधिक मामले वर्ष 1981 से 2019 के बीच के हैं। लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों से दूरी बनाए रखने वाले लोगों को इस फैसले से राहत मिली है।

 

ललौली में सबसे ज्यादा हिस्ट्रीशीट बंद

 

थानावार कार्रवाई में ललौली थाना सबसे आगे रहा, जहां 18 हिस्ट्रीशीट बंद की गईं। वहीं खागा और धाता में 16-16, किशनपुर और कल्याणपुर में 11-11 तथा थरियांव में 10 हिस्ट्रीशीट बंद की गईं।

 

इसके अलावा गाजीपुर में 9, बकेवर में 8, असोथर में 4, सुल्तानपुर घोष और राधानगर में 3-3, जाफरगंज में 2 तथा औंग थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीट बंद की गई।

 

निगरानी के साथ सुधार को भी प्राथमिकता

 

पुलिस की इस पहल को सकारात्मक और सुधारात्मक पुलिसिंग के रूप में देखा जा रहा है। इसका उद्देश्य जहां सक्रिय अपराधियों पर निगरानी और कानून का शिकंजा बनाए रखना है, वहीं लंबे समय से अपराध से दूर रहकर सामान्य जीवन जी रहे लोगों को सामाजिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर देना भी है।

 

पुलिस प्रशासन के अनुसार, अपराध नियंत्रण, अभिलेखों की नियमित समीक्षा और जनहित में सकारात्मक पुलिसिंग को लेकर आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

 

India Varta News | फतेहपुर

 

सच की बात, इंडिया वार्ता

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment