धाता में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को रौंदा, 24 वर्षीय युवक की मौत

 

लिहई-चर्की मोड़ पर आमने-सामने हुई भिड़ंत, दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा; प्रयागराज रेफर

 

फतेहपुर। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। धाता थाना क्षेत्र में बुधवार शाम पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

बताया जाता है कि शुकुलपुर निवासी जितेंद्र उर्फ ललवा (24) पुत्र भैरो कोरी अपने गांव के शरद प्रजापति पुत्र राजेश कुमार प्रजापति के साथ बाइक से गलेहरा बाजार गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक लिहई-चर्की मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को सीएचसी धाता पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शरद को प्राथमिक उपचार के बाद मंझनपुर भेजा गया। हालत नाजुक बने रहने पर उसे प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

युवक की मौत की सूचना मिलते ही शुकुलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment