थाने में छलके आंसू, गले मिले भाई; थरियांव पुलिस की पहल बनी चर्चा का विषय

 

बेंगलुरु में साथ मजदूरी कर खड़ा किया था करोड़ों का कारोबार, जमीन और फसल के बंटवारे ने बढ़ाई थी दूरियां; थरियांव थाना प्रभारी की समझाइश पर फिर एक हुए दोनों भाई

 

फतेहपुर। दौलत और जमीन के विवाद में जब रिश्तों के बीच दीवार खड़ी हो जाए, तो अपनों को भी एक-दूसरे से दूर होने में देर नहीं लगती। लेकिन फतेहपुर में पुलिस की पहल से एक ऐसा भावुक दृश्य सामने आया, जिसने रिश्तों की अहमियत को फिर उजागर कर दिया। छह महीने से एक-दूसरे से बातचीत बंद कर चुके दो सगे भाई थाने में आमने-सामने आए तो पुरानी नाराजगी आंसुओं में बह गई। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और गिले-शिकवे भुलाकर फिर साथ रहने का फैसला किया।

 

यह मामला थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों ने अपने जीवन में आर्थिक तंगी और संघर्ष के दिन एक साथ देखे थे। बेहतर भविष्य की उम्मीद में दोनों बेंगलुरु पहुंचे और वहां मजदूरी करके धीरे-धीरे कारोबार खड़ा किया। मेहनत रंग लाई और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती गई। हालांकि, बाद में जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

 

विवाद ने धीरे-धीरे इतना गंभीर रूप ले लिया कि करीब छह महीने तक दोनों भाइयों के बीच बातचीत तक बंद रही।

 

पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा था मामला

 

बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद को लेकर दोनों भाई पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के पास भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। इसके बाद दोनों अलग-अलग वाहनों से थरियांव थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने उनकी समस्याएं सुनीं।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने दोनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कानूनी पहलुओं के साथ-साथ पारिवारिक रिश्तों की अहमियत पर भी बात की। दोनों को उनके पुराने संघर्ष और उन दिनों की याद दिलाई, जब उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ने का रास्ता बनाया था।

 

भाई की माफी पर पिघला बड़े भाई का दिल

 

समझाइश के दौरान बातचीत का असर दिखाई देने लगा। दोनों भाइयों को एहसास हुआ कि जिस संपत्ति और कारोबार को उन्होंने मिलकर खड़ा किया था, उसी के विवाद में उनका रिश्ता कमजोर पड़ रहा है।

 

भावनाओं पर काबू नहीं रख सके दोनों भाई एक-दूसरे के गले लगकर रो पड़े। छोटे भाई ने बड़े भाई के पैर छूकर माफी मांगी। बड़े भाई ने भी उसे गले लगाकर माफ कर दिया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और आपसी संबंधों को फिर से बेहतर बनाने का फैसला किया।

 

यह दृश्य देखकर दोनों भाइयों की पत्नियां भी भावुक हो गईं। थाने में मौजूद अन्य लोग भी इस मिलन को देखकर भावुक नजर आए।

 

थाने से निकला रिश्तों को जोड़ने का संदेश

 

दोनों भाइयों के मिलन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद थरियांव थाना प्रभारी की पहल की चर्चा हो रही है। इस घटनाक्रम ने यह संदेश दिया कि जमीन और संपत्ति से बढ़कर पारिवारिक रिश्ते होते हैं।

 

कभी एक साथ संघर्ष करके सफलता हासिल करने वाले दोनों भाइयों के बीच फिर से मेल-मिलाप होना पूरे परिवार के लिए राहत की बात है। पुलिस की इस पहल को विवाद सुलझाने के साथ-साथ टूटते पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने की मानवीय कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

 

India Varta News | फतेहपुर

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment

शहर चुनें