फतेहपुर: मार्का खदान में गुंडई! राइफल के दम पर ‘पहलवान ट्रेडर्स’ का आतंक, मारपीट का वीडियो वायरल

फतेहपुर। जिले के मौरंग खनन क्षेत्रों में खदान संचालकों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला असोथर थाना क्षेत्र के मार्का खदान खंड संख्या 03 का है, जहाँ संचालित पहलवान ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड के कारिंदों द्वारा एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राइफल की नोक पर खदान चलाने की कोशिश

वायरल वीडियो और स्थानीय दावों के अनुसार, खदान संचालक कानून को ताक पर रखकर असलहों के दम पर अपना वर्चस्व कायम करना चाहते हैं। आरोप है कि मार्का खंड संख्या 03 में राइफल और बंदूकों के बल पर ग्रामीणों और मजदूरों में दहशत पैदा की जा रही है। पिछले कुछ दिनों से असोथर क्षेत्र में लाठी-डंडों से मारपीट की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है।

पुराना है विवादों का नाता

यह पहली बार नहीं है जब असोथर थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं की गुंडई सामने आई है। अभी पिछले दिनों भी इसी तरह का एक मारपीट का वीडियो जारी हुआ था, लेकिन पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई ने संचालकों के हौसले और बुलंद कर दिए हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या प्रशासन ने इन संचालकों को ‘मारपीट का लाइसेंस’ दे रखा है?

इंडिया वार्ता न्यूज का सवाल

क्या खदानों में अब ‘रूल ऑफ लॉ’ की जगह ‘रूल ऑफ गन’ चलेगा?

वीडियो वायरल होने के बावजूद आरोपी संचालक और उसके गुर्गों पर कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?

असोथर पुलिस आखिर किसके दबाव में शांत बैठी है?

इंडिया वार्ता न्यूज इस पूरे मामले की पड़ताल कर रहा है। यदि आपके पास भी इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी या वीडियो है, तो हमसे साझा करें। हम भ्रष्टाचार और दबंगई के खिलाफ आपकी आवाज बुलंद करेंगे।

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment