खागा (फतेहपुर)।
फतेहपुर जनपद के खागा क्षेत्र अंतर्गत हरदो स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ बड़े भीट बाबा मंदिर में सोमवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मंदिर परिसर से लगभग ढाई सौ क्विंटल वजन के पीतल के घंटे चोरी कर लिए, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सुबह सफाई के दौरान हुआ चोरी का खुलासा
घटना का पता मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे चला, जब मंदिर में रह रहे बाबा रोजाना की तरह झाड़ू लगाने के लिए उठे। उन्होंने देखा कि जिन जंजीरों के सहारे घंटे लटके हुए थे, वे कटी हुई जमीन पर पड़ी थीं और वहां से भारी-भरकम घंटे गायब थे। बाबा ने तत्काल इसकी सूचना हरदो ग्रामवासियों और स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुँचे जनप्रतिनिधि और पुलिस
सिद्धपीठ में चोरी की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही खागा नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता सिंह, अध्यक्ष प्रतिनिधि रामगोपाल सिंह और सभासद प्रतिनिधि शनि सिंह सेंगर सहित कई गणमान्य लोग मौके पर पहुँचे और घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया।
पुलिस जांच में जुटी
मंदिर से इतनी बड़ी मात्रा में और इतने वजनदार घंटों की चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का मानना है कि इस वारदात में किसी बड़े गिरोह का हाथ हो सकता है, जिसने योजनाबद्ध तरीके से भारी वाहनों का उपयोग कर इस चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी है।








