जम्मू में फारूक अब्दुल्ला की हत्या की साजिश नाकाम, डिप्टी सीएम घायल, आरोपी गिरफ्तार!

 

जम्मू।

जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित होटल रॉयल पार्क में बुधवार रात एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक हमलावर ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधकर फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी छर्रे लगने से मामूली रूप से घायल हो गए हैं, जबकि फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए।

कनपटी के पास से गुजरी गोली, सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा

चश्मदीदों के अनुसार, हमलावर ने फारूक अब्दुल्ला की कनपटी के बेहद करीब से गोली चलाई। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी, लेकिन पास खड़े डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी छर्रों की चपेट में आ गए। अचानक हुई इस फायरिंग से वहां मौजूद वीआईपी मेहमानों और पार्टी नेताओं में भगदड़ मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया।

कौन है हमलावर?

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी खनन कारोबार (Mining Business) से जुड़ा हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर इतनी कड़ी सुरक्षा वाले वीआईपी ज़ोन में कैसे दाखिल हुआ और हमले का असली मकसद क्या था।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, जांच तेज

वारदात की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल होटल रॉयल पार्क पहुंच गया है। पुलिस ने होटल को चारों तरफ से घेर लिया है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

एक पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में इस तरह की चूक ने सुरक्षा एजेंसियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment