रायबरेली। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के निर्देशानुसार अब पूरे प्रदेश सहित रायबरेली में भी स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को कड़ाई से लागू कर दिया गया है। 13 मार्च 2026 से प्रभावी हुए इस नए नियम के तहत, यदि उपभोक्ता के खाते में बैलेंस शून्य (जीरो) होता है, तो बिजली की सप्लाई बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के स्वतः (ऑटोमेटिक) कट जाएगी।
मुख्य अभियंता की अपील: बैलेंस रखें सकारात्मक
रायबरेली पावर कॉर्पोरेशन के मुख्य अभियंता रविंचद्र श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को लगातार अलर्ट मैसेज भेजे जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने मीटर के बैलेंस की जांच करते रहें और बिजली कटौती से बचने के लिए पर्याप्त ‘सकारात्मक बैलेंस’ बनाए रखें।
कैसे करें रिचार्ज?
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभाग ने डिजिटल और ऑफलाइन दोनों विकल्प खुले रखे हैं:
डिजिटल माध्यम: यूपी पावर कॉर्पोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप, भीम (BHIM), फोन-पे, गूगल-पे और अन्य UPI माध्यमों से घर बैठे रिचार्ज किया जा सकता है।
ऑफलाइन माध्यम: विभागीय कैश काउंटर, विद्युत उपकेंद्र और खंड कार्यालयों पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है।
समस्या होने पर यहाँ करें संपर्क
जिन उपभोक्ताओं का बैलेंस निगेटिव में चला गया है या जिन्हें तकनीकी दिक्कत आ रही है, वे तुरंत विभागीय एप डाउनलोड करें या अपने नजदीकी विद्युत कार्यालय में संपर्क करें। इसके अलावा, किसी भी शिकायत या सहायता के लिए विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल किया जा सकता है।








