फतेहपुर: विकास खंड विजयीपुर के ग्राम धाना (मजरे गढ़ा) में ‘नव चेतना शिक्षा सेवा संस्थान समिति’ के बैनर तले महाराजा गुहराज निषाद एवं भगवान महर्षि कश्यप की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस भव्य समारोह में विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
शिक्षा और नशा मुक्ति का दिया संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्र मोहन निषाद (प्रधान प्रतिनिधि, गुरुवल) एवं भूपेंद्र निषाद ने की। इस दौरान वक्ताओं ने समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वरोजगार और नशा उन्मूलन को सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि समाज की तरक्की तभी संभव है जब युवा पीढ़ी शिक्षित और व्यसन मुक्त होगी।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेम चंद्र निषाद (वाइस प्रिंसिपल, आईटीआई बांदा), रणविजय निषाद (शिक्षक, कौशांबी), रमेश वर्मा (प्रबंधक, कानपुर) और प्रकाश निषाद (प्राचार्य, वीर एकलव्य डिग्री कॉलेज बांदा) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
जिले का मान बढ़ाने वाले छात्र का सम्मान
नव चेतना मंच की टीम ने सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए क्षेत्र के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। विशेष रूप से यमुना कटरी क्षेत्र के छात्र चंद्र निषाद को, जिन्होंने पिछले सत्र की इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया था, मेडल और नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इन्होंने जताया आभार
आयोजन को सफल बनाने में आयोजक मंडल के कमलेश निषाद, चंद्र मोहन निषाद, कुशल निषाद, भूपेंद्र निषाद और कंसराज निषाद की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित जनसमूह और क्षेत्रवासियों का उनके बहुमूल्य सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।








