कानपुर ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी
कानपुर। फीलखाना थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा किए गए कथित चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बालाजी धाम निवासी मनीष गुप्ता (45) का विवाह वर्ष 2017 में निहारिका कश्यप से हुआ था। दंपति का एक छह वर्षीय पुत्र भी है। परिजनों का आरोप है कि निहारिका का किसी युवक से संपर्क था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया गया कि घटना वाले दिन मनीष ने अपनी पत्नी को फोन पर बात करते देखा और इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर निहारिका ने चाकू से मनीष पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मनीष को तत्काल केपीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पिता रामकिशोर गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि होश में आने पर मनीष ने उन्हें बताया था कि घटना के समय उनकी पत्नी किसी युवक से फोन पर बात कर रही थी और विरोध करने पर उन पर हमला किया गया।
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फीलखाना थाना प्रभारी के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








