फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में मंगलवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पिता ने लाइसेंसी बंदूक से अपने बेटे और बहू पर फायरिंग कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम खिलावन का किसी बात को लेकर अपने बेटे अवनीश पटेल और बहू मनीषा उर्फ प्रियंका से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर लाइसेंसी बंदूक से दोनों पर गोली चला दी। गोली लगने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर के चांदनी नर्सिंग होम रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही बिंदकी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को घटना की वजह माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घायल दंपति का कानपुर में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।








