कानपुर ब्यूरो चीफ : राहुल द्विवेदी
कानपुर। रावतपुर क्षेत्र में महंत पर हुए जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर अजय ठाकुर को रावतपुर थाना पुलिस और पश्चिम ज़ोन स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को रतनलाल नगर स्थित एक धुलाई सेंटर के पास से दबोचा।
बताया जा रहा है कि महंत पर हमले के बाद से अजय ठाकुर पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। इस दौरान वह कथित रूप से सोशल मीडिया पर लगातार रील पोस्ट कर रहा था, जिससे उसके फरार रहने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने स्वयं को चोट पहुंचाकर कार्रवाई से बचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित हिरासत में ले लिया। प्राथमिक उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अजय ठाकुर पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। महंत पर हमले के मामले में उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फरार सहयोगियों की तलाश में भी दबिश दी जा रही है। वहीं, गिरफ्तारी के दौरान बने और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी पुलिस निगरानी कर रही है।








