फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के रतवा खेड़ा गांव में गुरुवार सुबह करंट लगने से एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रतवा खेड़ा गांव निवासी शैलजा देवी (22), पत्नी रंजीत साहू, गुरुवार सुबह अपने घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान घर में लगे टीन शेड के लोहे के पाइप में विद्युत करंट उतर आया। जैसे ही उन्होंने पाइप को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतका का मायका जहानाबाद थाना क्षेत्र के कुल्ली हार गांव में है। उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी छह माह की एक मासूम बेटी है। इस हादसे के बाद बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया, जिससे पूरे परिवार में शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलने पर बिंदकी कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टीन शेड के लोहे के पाइप में विद्युत प्रवाह होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








